जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में खून की दलाली करने वालों पर सुरक्षा एजेंसी और पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। बीते दिनों सुरक्षा कर्मियों ने खून के सौदागरी करते दो युवकों को पकड़ा था, जिनसे पूछताछ में तीसरे साथी का नाम सामने आया था। शनिवार देर रात तीसरा आरोपी अंशुल अवस्थी (निवासी शास्त्री नगर) भी मेडिकल अस्पताल के परिसर में लौट आया, जहां सुरक्षा कर्मियों ने उसे पहचानकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

2 हजार लेकर चंपत हो गया था आरोपी

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि शहपुरा झांसीघाट निवासी अरविंद सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी अंजू सिंह मेडिकल अस्पताल के स्त्री रोग विभाग में भर्ती हैं। इलाज के दौरान उन्हें रक्त की आवश्यकता थी। इसी बीच उनकी मुलाकात अंशुल अवस्थी नामक व्यक्ति से हुई, जिसने कहा कि “ब्लड बैंक से खून मिलने में 4-5 दिन लगेंगे, लेकिन मैं 2 हजार रुपये में तुरंत ब्लड की व्यवस्था करा सकता हूं।”

अरविंद सिंह उसकी बातों में आ गए और उसे 2 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद अंशुल ने कहा कि वह डोनर को लेकर आता है, लेकिन पैसे लेकर फरार हो गया।

खून की दलाली में सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश

जांच में खुलासा हुआ कि पकड़े गए आरोपी एन्ड्रयू जार्ज और जॉन्सन फ्रांसिस पहले से ही मेडिकल परिसर में खून के काले कारोबार में सक्रिय थे। दोनों की पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि इनकी गैंग में करीब 100 लोग शामिल हैं, जो जरूरतमंद मरीजों को झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठते थे और या तो घटिया रक्त उपलब्ध कराते या फिर रकम लेकर गायब हो जाते थे।

इसी गिरोह का सदस्य अंशुल अवस्थी उर्फ गोलू भी बताया गया है, जो पिछले कुछ दिनों से फरार चल रहा था। सुरक्षा एजेंसी की सतर्कता से उसे फिर मेडिकल परिसर में आते ही पकड़ लिया गया।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर

पीड़ित अरविंद सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने अंशुल अवस्थी, एन्ड्रयू जार्ज और जॉन्सन फ्रांसिस के खिलाफ धोखाधड़ी और दलाली से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

अस्पताल प्रशासन सख्त

घटना के बाद मेडिकल प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसी ने अस्पताल परिसर में निगरानी और कड़ी कर दी है। मरीजों और उनके परिजनों से अपील की गई है कि ब्लड या किसी भी चिकित्सकीय सेवा के लिए सीधे अस्पताल के अधिकृत काउंटर से ही संपर्क करें, किसी भी बाहरी व्यक्ति से लेन-देन न करें।

फैक्ट फाइल

नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में खून की दलाली का भंडाफोड़

तीसरा आरोपी अंशुल अवस्थी उर्फ गोलू पकड़ा गया

आरोपी ने मरीज के परिजन से 2 हजार रुपये लेकर फरारी काटी थी

पहले पकड़े गए एन्ड्रयू जार्ज और जॉन्सन फ्रांसिस की गैंग में करीब 100 सदस्य सक्रिय

तीनों के खिलाफ FIR दर्ज, पुलिस जांच जारी