जबलपुर–भोपाल नेशनल हाईवे 45 पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। इथेनॉल फैक्ट्री में धान की भूसी लेकर जा रहा एक ट्रक हाईवे पर शराब दुकान के पास खड़ा था, जहां ड्राइवर ट्रक के अंदर ही खाना बना रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर फट गया और देखते ही देखते ट्रक आग की लपटों में घिर गया।

ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
सिलेंडर फटने के तेज धमाके के बाद ड्राइवर ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक से छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। वहीं ट्रक कुछ ही मिनटों में जलकर पूरी तरह खाक हो गया।

पेट्रोल पंप और इथेनॉल फैक्ट्री के पास हुआ हादसा – बड़ा खतरा टला
हादसा स्थल के बिल्कुल पास ही पेट्रोल पंप और इथेनॉल फैक्ट्री स्थित हैं। ट्रक में लगी भीषण आग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यदि आग फैलती तो बड़ा विस्फोट और भारी जनहानि हो सकती थी, जिसे पुलिस और अग्निशमन दल की तेजी ने टाल दिया।

पुलिस व फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंद कर सुरक्षित कराया। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

इथेनॉल फैक्ट्री और हाईवे क्षेत्र में आग की इस घटना को लेकर यातायात कुछ समय प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।