जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र के मिरगा गांव में भीड़ की हिंसा और कानून हाथ में लेने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चोरी करते रंगे हाथों पकड़े जाने पर ग्रामीणों ने एक युवक को खंभे से बांधकर बर्बर तरीके से पीटा और उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।

कैसे हुई घटना?

ग्राम मिरगा निवासी राहुल पटेल के घर पर देर रात तीन चोरों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। दो आरोपी घर का ताला तोड़कर अंदर चोरी कर रहे थे, जबकि तीसरा आरोपी बाहर पहरा दे रहा था। उसी समय घर के लोग इलाज कराकर लौटे, जिन्हें देखते ही दो आरोपी सोने-चांदी के जेवर लेकर भागने में सफल हो गए। तीसरे युवक को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया।

भीड़ ने ऐसे दी तालिबानी सजा

पकड़े गए युवक को गांव वालों ने रस्सी से खंभे से कसकर बांधा। इसके बाद उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और जूतों से चेहरे पर मारपीट की गई। भीड़ ने सिर पर भी जूते रखकर उसे अपमानित किया। पूरे घटनाक्रम को किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है।

पुलिस ने पहुंचकर बचाई जान

सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। आरोपी युवक की पहचान नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव निवासी 25 वर्षीय विनय उर्फ विनोद चक्रवर्ती के रूप में हुई।

आरोपियों पर कई जिलों में केस

पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों युवक जबलपुर, सिवनी और नरसिंहपुर जिलों में चोरी के आधा दर्जन से ज्यादा मामलों में शामिल हैं। फरार दो आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

दो FIR दर्ज — पीड़ित परिवार और आरोपी दोनों की शिकायत पर कार्रवाई

  • राहुल पटेल के परिवार की शिकायत पर तीनों चोरों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज

  • वहीं विनय उर्फ विनोद की शिकायत पर ग्रामीणों के खिलाफ मारपीट और अवैध बंधक बनाने का मामला दर्ज

वायरल वीडियो के बाद पुलिस सख्त

पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए तालिबानी सजा देने वाले ग्रामीणों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारी का कहना है कि “चोरी अपराध है, लेकिन उसकी सजा देने का अधिकार सिर्फ कानून को है। भीड़ द्वारा हिंसा और अपमान गंभीर अपराध है।