जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएँ फरवरी माह में आयोजित होने जा रही हैं। इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा की बेहतर तैयारी कराने के उद्देश्य से दिसंबर माह में 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएँ आयोजित करेगा। विभाग ने इसे “मुख्य परीक्षा से पहले की रिहर्सल” बताया है, जिसमें विद्यार्थियों को बोर्ड जैसी ही परिस्थितियों में परीक्षा दिलाई जाएगी, ताकि वे वास्तविक परीक्षा के दबाव और प्रक्रियाओं से परिचित हो सकें।

प्री-बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम निर्धारित समय पर पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। इसके बाद स्कूलों में अभिभावक बैठक आयोजित कर प्रत्येक विद्यार्थी के प्रदर्शन की जानकारी दी जाएगी। जिन स्कूलों के परिणाम संतोषजनक नहीं रहेंगे, उनका निरीक्षण संयुक्त संचालक लोक शिक्षण और जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा।

प्री-बोर्ड परीक्षाएँ दिसंबर से शुरू होकर जनवरी के पहले सप्ताह तक संचालित होंगी। लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ने परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित करने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

10वीं प्री-बोर्ड परीक्षा के प्रमुख दिशा-निर्देश

हर परीक्षा के बाद अगले दिन के विषय का अध्यापन अनिवार्य।

व्यवसायिक एवं शेष विषयों की परीक्षा 6 से 13 जनवरी 2026 के बीच स्कूल स्तर पर समय सारणी बनाकर आयोजित की जाएगी।

विद्यार्थियों को परीक्षा कक्ष में 30 मिनट पहले उपस्थित होना होगा।

उत्तरपुस्तिका परीक्षा से 10 मिनट पहले, प्रश्नपत्र 5 मिनट पहले वितरित किए जाएंगे।

जैसे ही विषय की परीक्षा समाप्त हो, विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं अगले कार्य दिवस से शुरू कराई जाएंगी।

 

 

12वीं प्री-बोर्ड परीक्षा के प्रमुख दिशा-निर्देश

प्रत्येक परीक्षा उपरांत अगले दिन के विषय का अध्यापन सुनिश्चित किया जाएगा।

व्यवसायिक एवं शेष विषयों की परीक्षा 5 से 13 जनवरी 2026 के बीच प्राचार्य द्वारा निर्धारित समय अनुसार होगी।

स्थानीय अवकाश घोषित होने पर प्रभावित विषय की परीक्षा निर्धारित निर्देशों के अनुसार पुनः आयोजित होगी।

अंग्रेजी एवं संस्कृत दोनों विषय रखने वाले विद्यार्थियों की किसी एक विषय की परीक्षा निर्देशानुसार अलग से कराई जाएगी।

परीक्षार्थियों का 30 मिनट पूर्व परीक्षा कक्ष में उपस्थित होना अनिवार्य।

उत्तरपुस्तिका 10 मिनट पहले और प्रश्नपत्र 5 मिनट पहले वितरित किए जाएंगे।

परीक्षाएँ समाप्त होते ही विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं अगले कार्य दिवस से प्रारंभ होंगी।

स्कूल शिक्षा विभाग का मानना है कि इस रिहर्सल रूपी प्री-बोर्ड परीक्षा से विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में अधिक आत्मविश्वास और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।