जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा के समीप युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने युवक के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद शव को उसके ही घर के बाहर फेंककर फरार हो गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

मृतक की पहचान खिन्नी मोहल्ला, दमोहनाका निवासी आकाश रजक के रूप में हुई है। मृतक की मां कलावती अहिरवार ने बताया कि देर रात कुछ युवक उनके बेटे आकाश को घर के पास छोड़कर भागते नजर आए। जब वह बाहर निकलीं तो देखा कि आकाश जमीन पर पड़ा हुआ था, उसके सिर से खून बह रहा था और उसकी सांसें नहीं चल रही थीं। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

कलावती अहिरवार का कहना है कि उन्होंने 3 से 4 युवकों को घटनास्थल से भागते हुए देखा है, हालांकि अंधेरा होने के कारण वे उनकी पहचान नहीं कर सकीं। सूचना मिलते ही गोसलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल पर खून से सना पत्थर भी बरामद किया गया है, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि आकाश रजक पेशे से ऑटो चालक था और रोज़ की तरह काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिवार चिंतित था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उसका शव घर के बाहर इस हालत में मिलेगा। हत्या की खबर मिलते ही मोहल्ले में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

पुलिस प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, पुरानी कहासुनी या लूटपाट के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल गोसलपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।