शहपुरा पुलिस ने संदिग्धों को उठाया, मृतक की शिनाख्त अब तक नहीं

जबलपुर। त्रिपुरी गढ़ा क्षेत्र से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। नेशनल हाईवे-45 पर किनोरी पौड़ी गांव के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शहपुरा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि युवक के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई, इसके बाद आरोपियों ने शव को हाईवे किनारे फेंक दिया।

सूत्रों के अनुसार मृतक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किसी मरीज का अटेंडर बताया जा रहा है। बीती रात त्रिपुरी गढ़ा के पास कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हुआ था, जिसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की गई। मारपीट के दौरान युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने उसे मृत समझकर नेशनल हाईवे-45 पर लाकर फेंक दिया, जहां कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे ने बताया कि शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला है, जिससे यह प्रतीत होता है कि युवक के साथ मारपीट के दौरान अमानवीय व्यवहार किया गया। प्रथम दृष्टया पूरा मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, इसी आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने इस मामले में गढ़ा क्षेत्र के कुछ युवकों को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए उठाया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सके। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके।

टैटू बने पहचान का इकलौता सुराग

मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार युवक के हाथ पर ‘रोशनी’ और ‘पापा’ नाम के टैटू बने हुए हैं, जिन्हें शिनाख्त का अहम सुराग माना जा रहा है। बावजूद इसके 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई परिजन सामने नहीं आया है।

जांच में जुटी पुलिस

शहपुरा थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास लगातार जारी हैं। जैसे ही कोई ठोस तथ्य सामने आएगा, उसी के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।