जबलपुर। शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला गोहलपुर थाना क्षेत्र के ओमकार नगर अमखेरा का है, जहां चोरों ने सीबीआई जबलपुर ब्रांच में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक के सूने घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय अंजाम दी गई, जब प्रधान आरक्षक अपने गृह ग्राम सीधी गए हुए थे।

गोहलपुर थाना पुलिस के अनुसार सुरेश कुमार मिश्रा (43 वर्ष), निवासी ओमकार नगर अमखेरा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुरेश कुमार मिश्रा सीबीआई जबलपुर ब्रांच में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे वह अपने गृह ग्राम सीधी गए थे। घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था और मकान पर ताला लगा हुआ था।

पीड़ित के अनुसार, बीती रात जब वह वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर पाया कि घर में रखी तीनों आलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों और अन्य स्थानों की तलाशी लेने पर सोने और चांदी के जेवरात तथा 22 हजार रुपये नकद गायब पाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों ने पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया है। सूने मकान की रेकी कर ताले तोड़े गए और अलमारियों से कीमती सामान चोरी किया गया। फिलहाल पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के रहवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़ते समय पड़ोसियों को सूचना दें, मजबूत ताले लगाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।