शहपुरा क्षेत्र में अंधी हत्या का खुलासा, चार युवक गिरफ्तार
गढ़ा क्षेत्र में मारपीट के बाद हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका था

जबलपुर। शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई अंधी हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गढ़ा क्षेत्र में हुए विवाद के बाद आरोपियों ने युवक की बेरहमी से मारपीट कर हत्या की और शव को शहपुरा थाना क्षेत्र में एनएच-45 के पास झाड़ियों में फेंक दिया था।

थाना शहपुरा में दिनांक 20 दिसंबर 2025 को जबलपुर-भोपाल रोड एनएच-45 पर ग्राम पौड़ी, सीता सरोवर वेयरहाउस के सामने सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का रक्तरंजित शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना प्रभारी शहपुरा श्री प्रवीण धुर्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां झाड़ियों के बीच गड्ढे में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया और अज्ञात मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए गए।

सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान अजय बरया पिता कुंवरमन बरया, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम सुनहरा, थाना बम्हनी बंजर, जिला मंडला के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि अजय बरया 16 दिसंबर 2025 को अपनी पत्नी को डिलीवरी के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर लाया था। 17 दिसंबर को उसकी पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया। 19 दिसंबर की शाम अजय अपनी पत्नी, नवजात बच्चे, सास और मां को मेडिकल कॉलेज में छोड़कर अपने घर मंडला के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा।

हत्या की पुष्टि होने पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 553/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री संपत उपाध्याय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी पाटन श्री लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार शहपुरा टोल प्लाजा से अंधमुख बायपास की ओर देर रात आते-जाते दिखाई दी। लगातार फुटेज चेक करने पर कार थाना गढ़ा क्षेत्र में एक मकान के पास खड़ी मिली। आगे की जांच में सामने आया कि अजय बरया त्रिपुरी चौक स्थित शराब दुकान से शराब पीकर पैदल जा रहा था, जहां उसका दो युवकों से विवाद हुआ। कुछ देर में दो अन्य युवक भी आ गए और चारों ने मिलकर अजय के साथ मारपीट की, फिर जबरन उसे घर के अंदर ले गए।

आरोपियों ने रात करीब 1 बजे बेसबाल और अन्य हथियारों से अजय की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को कपड़े में लपेटकर कार में रखा और एनएच-45 पर शहपुरा के पास झाड़ियों में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपियों

नमन तंतुवाय (25),

अंकित कोरी (25),

साहिल कोरी (25) — सभी निवासी गढ़ा पुरवा,

अंकित उर्फ अंतु कोरी (18), निवासी हटा, जिला दमोह
को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार और बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार जब्त की। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

इस अंधी हत्या के खुलासे में थाना प्रभारी शहपुरा श्री प्रवीण सिंह धुर्वे सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।