पनागर में रविदास जयंती कार्यक्रम में हंगामा, नशे में युवक ने की तोड़फोड़, गिरफ्तार
जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कारीवाह में रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जब एक युवक ने शराब के नशे में कार्यक्रम में पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। युवक द्वारा संत रविदास महाराज की फोटो फेंकने और कार्यक्रम बंद कराने की धमकी देने से मौके पर मौजूद समाजजनों में भारी आक्रोश फैल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कारीवाह में समाज के लोगों द्वारा संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही थी। कार्यक्रम में ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए थे। इसी दौरान गांव का ही निवासी नीरज दुबे शराब के नशे में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा और आयोजकों से कार्यक्रम बंद करने को कहने लगा। जब समाज के लोगों ने उसकी बात मानने से इनकार कर दिया, तो युवक ने विवाद करना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नशे में धुत युवक ने संत रविदास महाराज की फोटो को जमीन पर पटक दिया और कार्यक्रम में उपयोग की जा रही अन्य सामग्री को भी फेंकना शुरू कर दिया। इस घटना से समाजजनों की भावनाएं आहत हुईं और मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और झूमाझपटी की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा अपने वरिष्ठ पदाधिकारियों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समाज के लोग मौके पर एकत्र हो गए और आरोपी युवक के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। गांव का माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया और स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिससे गांव छावनी में तब्दील नजर आया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पनागर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने आरोपी युवक नीरज दुबे को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए विमलेश चौधरी ने बताया कि समाज के लोग शांतिपूर्वक रविदास जयंती मना रहे थे, तभी आरोपी युवक ने आकर धार्मिक भावनाएं आहत करने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और आपसी सौहार्द कायम रखने की अपील की है।
सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस सख्त: राजधानी के चौक-चौराहों पर ब्रीथ एनालाइजर के साथ तैनात रही टीमें।
खेत से चोरी हुई थीं गायें: भोपाल के गोदरमऊ क्षेत्र में हुई घटना ने बढ़ाई पुलिस की चुनौती।
अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप: बृजभूषण और प्रज्वल रेवन्ना मामले पर बरसीं शोभा ओझा
जशपुर में विमान हादसा: आरा पहाड़ पर एयर एम्बुलेंस क्रैश होने से मचा हड़कंप