जबलपुर। विजय नगर थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के रिश्तेदार को भी आरोपी ने कमरे में बंद कर बंधक बना लिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, श्रीमती मुक्ता राय (33 वर्ष), निवासी मथुरा विहार गली नंबर-2, विजय नगर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 28 नवंबर 2019 को अंशुल अग्रवाल, निवासी बी-3, मथुरा विहार गली नंबर-2, विजय नगर के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के शुरुआती दो वर्षों तक दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन मार्च 2021 से पति शराब पीकर गाली-गलौज और मारपीट करने लगा।

पीड़िता के अनुसार, लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर वह 24 दिसंबर 2025 को अपने चार वर्षीय बेटे के साथ सालीचौका स्थित मायके चली गई थी। इसके बावजूद आरोपी के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ।

बीच-बचाव करने पहुंचे रिश्तेदार को बनाया बंधक

पीड़िता ने बताया कि 7 फरवरी 2026 को आरोपी पति अंशुल अग्रवाल ने अत्यधिक शराब पीकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसने भाभी के पिता सुरेंद्र जायसवाल, निवासी अमखेरा को बुलाया। आरोप है कि अंशुल ने मुक्ता राय और सुरेंद्र जायसवाल को हॉल में रोककर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और चाबी अपने पास रख ली। बाद में महिला के भाई अतुल और निखिल के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका।

बताया गया कि आरोपी ने रात में पत्नी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

विजय नगर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।