जबलपुर में पुलिस पिटी:पति-पत्नी और वो” विवाद में आरक्षक की बीच सड़क पिटाई, दोनों पक्ष ओमती थाने पहुंचे
जबलपुर। शहर में कथित पारिवारिक विवाद ने बुधवार को सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा का रूप ले लिया। “पति-पत्नी और वो” के विवाद में एक वर्दीधारी आरक्षक की बीच सड़क पिटाई कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को ओमती थाने लाया गया, जहां देर शाम तक पूछताछ जारी रही।
■ रिश्तेदारों ने रोका रास्ता, सड़क पर मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरक्षक किसी महिला से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान महिला पक्ष के परिजन वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि लड़की के रिश्तेदारों ने वर्दीधारी आरक्षक को बीच सड़क पकड़कर धुन दिया। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की।
घटना का वीडियो भी आसपास मौजूद लोगों ने मोबाइल में कैद किया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
■ वर्दी में मारपीट से उठे सवाल
बीच सड़क वर्दीधारी पुलिसकर्मी की पिटाई से कई सवाल खड़े हो गए हैं। मामला व्यक्तिगत संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन वर्दी में इस तरह की स्थिति बनने पर पुलिस की छवि को लेकर भी चर्चा तेज है। फिलहाल पुलिस विभाग ने इस पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है।
■ ओमती थाने में दोनों पक्ष आमने-सामने
घटना के बाद आरक्षक और लड़की पक्ष के लोग ओमती थाने पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात रख रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने न तो आरक्षक की पहचान सार्वजनिक की है और न ही मारपीट में शामिल लोगों के नाम उजागर किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
■ जांच जारी, कार्रवाई पर सबकी नजर
मामले ने शहर में चर्चा का विषय बना दिया है। अब यह देखना होगा कि पुलिस इस संवेदनशील प्रकरण में क्या कदम उठाती है और क्या किसी पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज किया जाता है या आपसी समझौते की दिशा में बात बढ़ती है। फिलहाल जांच जारी है।
म्यांमार में 4.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ
कूनो नेशनल पार्क-चीतों का नया घर ही नहीं, अब सफल ग्लोबल ब्रीडिंग सेंटर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई