जबलपुर। सिहोरा के वार्ड क्रमांक-5 स्थित आजाद चौक में गुरुवार रात उपजे विवाद के बाद शुक्रवार सुबह तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके। जुम्मे की नमाज को देखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। संवेदनशील माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

 मंदिर-मस्जिद आमने-सामने, बढ़ी संवेदनशीलता
घटना सिहोरा के आजाद चौक क्षेत्र की है, जहां दुर्गा मंदिर और मदीना मस्जिद अहले सुन्नत आमने-सामने स्थित हैं। धार्मिक स्थलों की नजदीकी के कारण यह क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। रमजान माह की शुरुआत के साथ ही प्रशासन अलर्ट मोड पर था, लेकिन गुरुवार रात किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद गहराता चला गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जबलपुर रेंज के आईजी, डीआईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने हालात का जायजा लिया। देर रात तक क्षेत्र में गश्त जारी रही और हालात को काबू में किया गया।पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जुम्मे की नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

 सीसीटीवी फुटेज से हो रही पहचान
पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अब तक दो दर्जन से अधिक संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से 15 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। उपद्रव में इस्तेमाल की गई कुछ गाड़ियों को भी जब्त किया गया है।प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 1:30 बजे से पहले तैनात हुआ अतिरिक्त बल
शुक्रवार को जुम्मे की नमाज दोपहर में होने के चलते 1:30 बजे से पहले ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। दंगा नियंत्रण दस्ता भी मौके पर मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई और लगातार पेट्रोलिंग जारी रही।सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर है, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

 दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने दोनों समुदायों के जिम्मेदार नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सतर्कता बरती जा रही है।कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की उकसावे वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।