रेप-पॉक्सो में फंसाने की धमकी, 37 लाख की उगाही का खेल… तीन फर्जी पत्रकार गिरफ्तार
जबलपुर। शहर में खुद को पत्रकार बताकर लोगों को ब्लैकमेल करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन फर्जी पत्रकारों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक निजी अस्पताल के डॉक्टर को रेप और पॉक्सो एक्ट में फंसाने की धमकी देकर 37 लाख रुपये की मांग की थी। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों को रकम लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया।
डॉक्टर को रेप और पॉक्सो केस में फंसाने की धमकी
संजीवनी नगर थाना प्रभारी बीडी द्विवेदी ने बताया कि प्रवीण सिंह, पवन कुमार देवक और ब्रजेश समन नाम के तीनों आरोपी खुद को पत्रकार बताते थे। उन्होंने निजी अस्पताल के डॉक्टर अमित खरे को व्हाट्सएप कॉल कर धमकाया कि उनके खिलाफ धारा 376 (दुष्कर्म) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने वाला है।
आरोपियों ने डॉक्टर को डराने के लिए नागपुर, छत्तीसगढ़ और मंडला की लड़कियों के नाम लेकर एक बड़े स्कैंडल में फंसाने की बात कही और मामले को रफा-दफा कराने के नाम पर 37 लाख रुपये की मांग कर दी।
37 लाख से 10 लाख में हुआ सौदा
डॉक्टर अमित खरे ने आरोपियों की मांग सुनकर घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लिया। उन्होंने आरोपियों से कहा कि उनके पास इतनी बड़ी रकम नहीं है और वे केवल 8 से 10 लाख रुपये ही दे सकते हैं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच 10 लाख रुपये में समझौता तय हुआ।डॉक्टर ने तुरंत पूरे मामले की जानकारी संजीवनी नगर थाना पुलिस और एसपी संपत उपाध्याय को दी। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की योजना बनाई।
कछपुरा में जाल बिछाकर पकड़े गए आरोपी
पुलिस की योजना के अनुसार आरोपियों को कछपुरा क्षेत्र में पैसे लेने के लिए बुलाया गया। मौके पर पहले से ही पुलिस टीम सादी वर्दी में तैनात थी। जैसे ही डॉक्टर ने आरोपियों को रकम सौंपी, उसी समय पुलिस ने तीनों को घेराबंदी कर दबोच लिया।पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी से जुड़े प्रकरण दर्ज कर लिए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने पहले भी किन-किन लोगों को इसी तरह निशाना बनाया है।
महिला पुलिस कर्मी को भी कर चुके हैं ब्लैकमेल
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपी पहले भी कई लोगों को ब्लैकमेल कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि देहात थाना क्षेत्र में पदस्थ महिला पुलिस कर्मी सरिता पटेल को भी इन लोगों ने झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर परेशान किया था।आरोपी खुद को ‘वंदे भारत’ नामक मीडिया संस्थान का पत्रकार और कई संगठनों का अध्यक्ष बताकर लोगों पर दबाव बनाते थे और उनसे मोटी रकम वसूलने की कोशिश करते थे।
पुलिस कर रही है विस्तृत जांच
संजीवनी नगर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से इसी तरह लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि उनके नेटवर्क और अन्य पीड़ितों की जानकारी सामने आ सके।
कूनो नेशनल पार्क-चीतों का नया घर ही नहीं, अब सफल ग्लोबल ब्रीडिंग सेंटर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
“सेवा निवृत्ति के बाद भी सेवा का जज़्बा हमेशा जीवित रहता है” — डीजीपी कैलाश मकवाणा