जबलपुर। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। माढ़ोताल और संजीवनीनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने दो अलग-अलग सूने घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया है। एक ओर जहां सहायक उप निरीक्षक के घर से निर्माण सामग्री और इलेक्ट्रिकल वायर चोरी हुए, वहीं दूसरी ओर प्रॉपर्टी डीलर के घर से सोने-चांदी के जेवरात और बड़ी मात्रा में नगदी पर चोर हाथ साफ कर गए। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संजीवनीनगर थाना पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम धनंजय सिंह (31 वर्ष), निवासी चंदन कॉलोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। धनंजय सिंह प्रॉपर्टी का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने बताया कि 28 दिसंबर 2025 को वह परिवार सहित माता वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए गए थे। घर में कोई मौजूद नहीं था और मकान पर ताला लगा हुआ था। यात्रा से लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है।

जांच में सामने आया कि चोर घर से सोने का हार, चैन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, चांदी के जेवरात, 1 लाख 40 हजार रुपये नकद और गुल्लक में रखे करीब 5 लाख 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। चोरी की कुल राशि लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इसी तरह माढ़ोताल थाना क्षेत्र में भी चोरी की घटना सामने आई है। माढ़ोताल थाने में सुनील दुबे (40 वर्ष), निवासी विद्यासागर विहार कॉलोनी, करमेता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुनील दुबे पुलिस विभाग में सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने मकान के मुख्य गेट में ताला लगाकर घर बंद किया था। घर के अंदर निर्माण कार्य से संबंधित सामग्री और बिजली फिटिंग के लिए रखे गए इलेक्ट्रिकल वायर मौजूद थे।

जब परिजन वापस लौटे तो पाया कि घर से निर्माण सामग्री और इलेक्ट्रिकल वायर चोरी हो चुके हैं। चोरी गए सामान की कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की।

पुलिस दोनों मामलों में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर सूना छोड़ते समय अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।