सतना। सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसमनिया पहाड़ स्थित महाराजपुर घाट में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया है। सवारी से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरी खाई में पलट गया है। हादसे में 48 वर्षीय सतरूपा केवट पति रामभगत केवट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

कर्दमेश्वरनाथ दर्शन से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, कृपालपुर गांव के केवट परिवार के लोग कर्दमेश्वरनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। शाम करीब 5:30 बजे महाराजपुर घाट के तीव्र ढलान वाले मोड़ पर ऑटो का नियंत्रण बिगड़ गया और वह पलटकर खाई में गिर गया।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही परसमनिया चौकी प्रभारी रामावतार सिंह पटेल और पोड़ी चौकी प्रभारी अनिल तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को जिला अस्पताल सतना भेजा। मृतका का शव उचेहरा अस्पताल भेजा गया है, जहां कल बुधवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।